राष्ट्रव्यापी स्वरूप ले चुका है छात्रों का आंदोलन : गौतम राणा

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रव्यापी स्वरूप ले चुका है छात्रों का आंदोलन : गौतम राणा


रांची, 24 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा ने कहा कि नीट पेपर लीक और देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों का आंदोलन अब राष्ट्रव्यापी स्वरूप ले चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा लेने की मांग की।

राणा शुक्रवार को हरमू रोड स्थित राजद के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन थमने वाला नहीं है, बल्कि इसकी धार पूरे देश में फैल चुकी है। लोकतंत्र लोक-लाज से चलता है और जनभावनाओं का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि वह वर्ष 1974 के जेपी छात्र आंदोलन के सिपाही रहे हैं। उस समय गुजरात से शुरू हुआ छात्र आंदोलन बिहार पहुंचा और बाद में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में देश के सबसे बड़े जन आंदोलनों में शामिल हो गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान छात्र आंदोलन भी लगातार व्यापक होता जा रहा है और सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।

राजद के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने कहा कि छात्रों का जनांदोलन आने वाले दिनों में और तेज होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों के प्रति संवेदनहीन हो गई है। युवा देश का भविष्य हैं, लेकिन सरकार उनकी चिंताओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन पर केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया 27 दिन बाद आई, जो उसकी उदासीनता को दर्शाती है।

कैलाश यादव ने दावा किया कि वर्तमान छात्र आंदोलन वर्ष 1974 के जेपी छात्र आंदोलन से भी आगे बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा की हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण की राजनीति सफल नहीं होगी, क्योंकि छात्र शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता की मांग को लेकर एकजुट हैं।

उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन किसी राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की मांग है। आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करना भाजपा का सुनियोजित कार्यक्रम है। उन्होंने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में देश में लगभग 152 बार विभिन्न परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार ने प्रभावी कदम नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि छात्रों के इस आंदोलन को विपक्षी दलों का समर्थन प्राप्त है और भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है।

प्रेस वार्ता में राजद के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार, प्रवक्ता आबिद अली, महासचिव प्रणय कुमार बबलू, सचिव रामकुमार यादव तथा चंद्रशेखर भगत सहित अन्य नेता उपस्थित थे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story