भूषण बाडा मामले में दोषी व्यक्ति के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई : बंधु

WhatsApp Channel Join Now
भूषण बाडा मामले में दोषी व्यक्ति के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई : बंधु


रांची, 16 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने सिमडेगा विधायक से जुड़े प्रकरण को गंभीर मामला बताया है। इस संबंध में उन्होंने सोमवार को रांची स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्याेलय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि मामले प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है और जांच चल रही है। ऐसे संवेदनशील मामले में किसी को भी जांच को प्रभावित करने का प्रयास नहीं करना चाहिए। जांच में सभी पक्षों को सहयोग करना चाहिए और कानून को अपना काम करने देना चाहिए।

बंधु तिर्की ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि इस पूरे मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। चाहे वह विधायक हो, पत्रकार हो या कोई अन्य व्यक्ति, कानून सबके लिए बराबर है। किसी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और न ही किसी को राजनीतिक दुर्भावना के आधार पर फंसाया जाना चाहिए।

सुविधा के हिसाब से अलग रूख अपना रही भाजपा

उन्होंने भाजपा सांसद दीपक प्रकाश से सवाल किया कि आज वह इस मामले को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं और पत्रकारों के मुद्दे पर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन जब बृजभूषण सिंह पर इसी तरह के गंभीर आरोप लगे थे, तब सांसद रहते हुए उन्होंने आवाज क्यों नहीं उठाई। उस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने में कई महीने लग गए थे। बंधु ने पूछा कि क्या उस समय पीड़ितों के सम्मान और न्याय की चिंता नहीं थी। भाजपा नेताओं को अपनी सुविधा के हिसाब से महिला सुरक्षा और न्याय के मुद्दों पर अलग-अलग रुख नहीं अपनाना चाहिए।

बंधु तिर्की ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को लेकर कहा कि इस पूरे मामले में बाबूलाल मरांडी ने अपनी ओर से क्या कदम उठाए। एक नाबालिग बच्ची से जुड़े इतने संवेदनशील मामले में राजनीति करने के बजाय उसकी सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया को प्राथमिकता क्यों नहीं दी गई।

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता आज जांच पूरी होने से पहले ही धरना-प्रदर्शन और बयानबाजी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा को इस मामले में उछल-कूद करने के बजाय जांच पूरी होने देनी चाहिए। किसी भी पीड़ित की पहचान और निजता सार्वजनिक नहीं होनी चाहिए।

बंधु तिर्की ने कहा कि भाजपा इस प्रकरण को आदिवासी समाज की भावनाओं और आदिवासी वोट बैंक की राजनीति से जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने निशा भगत प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि उस मामले में सीबीआई जांच से कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। इसलिए भाजपा नेताओं को दूसरे मामलों में जांच को प्रभावित करने वाली बयानबाजी करने के बजाय निष्पक्ष जांच का इंतजार करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778227 Articles

Share this story