डीसी ने 215 शिक्षकों के ई-विद्या वाहिनी में उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर रोका वेतन

WhatsApp Channel Join Now
डीसी ने 215 शिक्षकों के ई-विद्या वाहिनी में उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर रोका वेतन


रांची, 29 मई (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई।

बैठक में माध्यमिक, प्राथमिक, समग्र शिक्षा अभियान और मध्याह्न भोजन योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कई मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट के खराब रिजल्ट पर नाराजगी जताते हुए कक्षा 10 वीं में 10 प्रतिशत से अधिक छात्र फेल होने वाले विद्यालयों के सभी शिक्षकों को शो-कॉज करने का निर्देश दिया।

उन्होंने दो टूक कहा कि खराब रिजल्ट और अटेंडेंस में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कक्षा 12 वीं विज्ञान संकाय में खराब प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और विज्ञान शिक्षकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया।

ई-विद्या वाहिनी में अटेंडेंस दर्ज नहीं करने पर रांची सदर की प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी आभा कुमारी को शो-कॉज करते हुए अगले आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश दिया गया। जिले के 233 विद्यालयों की ओर से एक भी दिन उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर संबंधित प्रधानाध्यापकों का वेतन स्थगित करने का आदेश दिया गया।

इसके अलावा 215 शिक्षकों के ई-विद्या वाहिनी में उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर उनका वेतन भी रोक दिया गया। बैठक में शिक्षक प्रशिक्षण, यू-डायस डाटा, अपार आईडी, नामांकन, मध्याह्न भोजन योजना एवं जर्जर विद्यालय भवनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जर्जर भवनों में पठन-पाठन बंद करने और नए भवन निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story