फुटपाथ दुकान लगाने के मामले पर छावनी परिषद के सीईओ से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

WhatsApp Channel Join Now
फुटपाथ दुकान लगाने के मामले पर छावनी परिषद के सीईओ से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल


रामगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। शहर में दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान छोटे दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। रामगढ़ छावनी क्षेत्र के सुभाष चौक और शिवाजी रोड स्थित किला मंदिर के समीप प्रतिवर्ष अस्थायी स्टॉल लगाकर कारोबार करने वाले स्ट्रीट हॉकर और वेंडरों को इस वर्ष छावनी परिषद की ओर से स्टॉल लगाने से रोका जा रहा है। इससे दुकानदारों में चिंता है। उनका कहना है कि त्योहारों के इस महत्वपूर्ण कारोबारी मौसम में दुकान नहीं लगाने देने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।

इस मामले को वार्ड संख्या-8 के कांग्रेस अध्यक्ष अनमोल आनंद ने उठाया। उन्होंने विधायक ममता देवी को दुकानदारों की समस्या से अवगत कराते हुए हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि इन अस्थायी दुकानों से कई छोटे दुकानदारों और उनके परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में त्योहारों के दौरान उन्हें कारोबार करने का अवसर मिलना चाहिए।

अधिवक्ता अनमोल आनंद की पहल पर जल्द विधायक ममता देवी के नेतृत्व में कांग्रेस कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल की ओर से केवल दीपावली एवं छठ पूजा की अवधि के लिए अस्थायी स्टॉल लगाने की अनुमति देने का आग्रह किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772542 Articles

Share this story