निशा भगत आत्महत्या मामले की जांच सीबीआई करे, झारखंड पुलिस नहीं : सरना समिति

WhatsApp Channel Join Now
निशा भगत आत्महत्या मामले की जांच सीबीआई करे, झारखंड पुलिस नहीं : सरना समिति


रांची, 11 नवंबर (हि.स.)।

आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आदिवासी सरना समिति ने बुधवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ विजया राहटकर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में राष्ट्रीय महिला आयोग से सीबीआई जांच शुरू होने से पूूूर्व झारखंड पुलिस की जांच पर रोक लगाने की मांग की गई है। समिति के प्रतिनिधि बबलू मुंडा ने कहा कि आदिवासी संगठनों और विपक्ष के आंदोलन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआई जांच कराने की घोषणा की है। इसके बावजूद सीबीआई के जांच शुरू करने तक राज्य पुलिस की ओर से जांच जारी रखने की बात कही जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सीबीआई जांच का निर्णय हो चुका है, तो उससे पहले पुलिस जांच जारी रखने का क्या औचित्य है। उन्होंने आशंका जताई कि पुलिस जांच से घटना से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य प्रभावित हो सकते हैं। समिति की मांग है कि पूरे मामले की जांच केवल सीबीआई करे।

वहीं मौके पर सोमा मुंडा ने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष को सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि निशा भगत के चरित्रहनन की मंशा से अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा, पिठोरिया थाना प्रभारी, सरकारी तंत्र और जमीन के कुछ दलालों सहित अन्य संबंधित लोगों की ओर से सोशल मीडिया, पोस्टर और अन्य माध्यमों से अपमानजनक बातें प्रसारित की गईं। इससे उन्हें सामाजिक रूप से बदनाम करने का प्रयास किया गया।

ज्ञापन में कहा गया है कि कथित अपमान, चरित्रहनन और लगातार मानसिक दबाव के कारण निशा भगत आत्महत्या के लिए विवश हुईं। समिति ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि साजिश के तहत हत्या होने की आशंका जताते हुए पूरे मामले की गहन जांच की मांग की।

इसके अलावा गोड्डा मिशन के फादर थॉमस सोरेन पर लगाए गए दुष्कर्म, गर्भपात और ब्लैकमेलिंग के आरोपों का उल्लेख करते हुए उनकी जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई।

ज्ञापन सौंपने के दौरान सन्नी टोप्पो, मेघा उरांव, सोमा मुंडा, बबलू मुंडा सहित विभिन्न आदिवासी सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775558 Articles

Share this story