महादेव की भव्य प्रतिमा स्वरूप कांवर लेकर पहुंची कोलकाता की टीम

WhatsApp Channel Join Now
महादेव की भव्य प्रतिमा स्वरूप कांवर लेकर पहुंची कोलकाता की टीम


देवघर, 18 अगस्त (हि.स.)। बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर पहुंचने वाले हर कांवरिया की भक्ति और आस्था अपने आप में अनोखी होती है। कोई दंडवत करते हुए बाबा के दरबार तक पहुंचता है, तो कोई ठेहुने के बल चलकर अपनी मन्नत पूरी होने पर बाबा के चरणों में शीश नवाता है। वहीं कई कांवरिया अपने आकर्षक और वजनदार कांवर के साथ 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं।

इसी क्रम में कोलकाता की एक टीम महादेव की भव्य प्रतिमा स्वरूप कांवर लेकर मंगलवार काे कांवरिया पथ से बाबा नगरी पहुंची। भारी-भरकम और आकर्षक कांवर को देखकर रास्ते में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। लोग महादेव की प्रतिमा स्वरूप कांवर को देखने के साथ-साथ उसे स्पर्श कर आशीर्वाद लेने और पूजा-अर्चना करते भी नजर आए।

कांवरियों का कहना है कि बोल बम का जयघोष ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। लंबी पैदल यात्रा के दौरान होने वाली थकान और दर्द के बावजूद बाबा बैद्यनाथ के प्रति असीम श्रद्धा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

टीम के सदस्यों ने बताया कि वे हर वर्ष अलग और आकर्षक कांवर के साथ बाबा बैद्यनाथ की यात्रा करते हैं। कांवर के वजन और इसे तैयार करने में होने वाले खर्च के सवाल पर उन्होंने कहा कि बाबा के प्रति उनकी आस्था और भक्ति इतनी गहरी है कि इसके सामने वजन और खर्च मायने नहीं रखते। उनका मानना है कि महादेव स्वयं उन्हें शक्ति देते हैं और उनकी यात्रा को सफल बनाते हैं।

महादेव की प्रतिमा स्वरूप यह अनोखा कांवर बाबा नगरी में श्रद्धालुओं के बीच चर्चा और आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से कांवरिया पथ भक्तिमय नजर आ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story