लगातार बारिश के बीच सिलागाई में शहीद वीर बुधु भगत की प्रतिमा धराशायी
रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रांची सहित झारखंड के कई अन्य जिलों में गुरुवार से लगातार हो रही बारिश के बीच चान्हो प्रखंड के सिलागाई में स्थापित शहीद वीर बुधु भगत की प्रतिमा धराशायी हो गई। प्रतिमा के गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में मायूसी छा गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण प्रतिमा के आसपास की जमीन कमजोर हो गई थी। इसी वजह से प्रतिमा के गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, प्रतिमा के धराशायी होने के वास्तविक कारणों की प्रशासनिक स्तर पर जांच की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेने और शहीद वीर बुधु भगत की प्रतिमा को सुरक्षित एवं सम्मानपूर्वक दोबारा स्थापित कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वीर बुधु भगत क्षेत्र के गौरव हैं और उनकी स्मृति से जुड़ी प्रतिमा का जल्द से जल्द पुनर्स्थापन कराया जाना चाहिए।
इधर, लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर जलजमाव समेत अन्य समस्याएं भी सामने आ रही हैं। ऐसे में प्रतिमा के धराशायी होने की घटना ने स्थानीय स्तर पर व्यवस्था और रखरखाव को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रतिमा के आसपास की जमीन और स्थल का निरीक्षण कराने तथा भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

