झारखंड में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं : बाबूलाल

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं : बाबूलाल


रांची, 26 फरवरी (हि.स.) । पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है।

उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर गुरुवार को लिखा है कि अवैध बालू तस्करी के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान एक बार फिर खनन माफियाओं के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पाकुड़ जिले में जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी की ओर से अवैध परिवहन कर रहे बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त किए जाने की कार्रवाई के दौरान दिलवर हुसैन, अब्दुल आहद और कुछ अन्य लोगों ने मारपीट की थी। वहीं पूर्व में भी कई जिले में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर हमले की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। यहां तक कि खनन रोकने पहुंचे अधिकारियों को कुचलने तक का प्रयास किया गया है, जो कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। यह कोई अकेली घटना नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों पर हमला करना स्थानीय माफियाओं के वश की बात नहीं है, बल्कि मुख्यमंत्री की छत्रछाया में अवैध खनन को संचालित करने वाला सिंडिकेट है, जो चाईबासा से लेकर संताल तक और पलामू से लेकर कोल्हान तक सक्रिय है।

उन्होंने कहा कि पाकुड़ पुलिस बगैर तुष्टिकरण और राजनीतिक दबाव के उक्त मामले में सख्त कार्रवाई करे। साथ ही पुलिस हमलावरों के साथ इस धंधे को चलाने और कंट्रोल करने वाले माफियाओं को पकड़े, ताकि अवैध खनन और प्रशासन पर हमले जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story