राज्य सरकार दे रही अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण : बाबूलाल

WhatsApp Channel Join Now
राज्य सरकार दे रही अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण : बाबूलाल


रांची, 06 मार्च (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य के कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया है। उन्होंनेे कहा कि पाकुड जिले के महेशपुर में दर्ज नगर (कांड संख्या 275/25) में बेलाल शेख नामक व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धारा 109 (अटेम्प्ट टू मर्डर) जैसे गंभीर आरोपों में मामला दर्ज है। लेकिन आश्चचर्य की बात यह है कि जिस अपराधी को पकड़ने में पूरे पाकुड़ की पुलिस नाकाम रही है।

वहीं अपराधी खुलेआम स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेस के युवराज तनवीर आलम के साथ बैठकर इफ्तार पार्टी में शामिल हो रहा है। बाबूलाल ने यह बातें शुक्रवार पर सोशल मीडिया एक्स पर साझा की। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को संबोधित करते हुए सवाल उठाया कि यह कैसी व्यवस्था है।

उन्होंने कहा कि यह स्थिति सिर्फ कानून-व्यवस्था पर ही नहीं, बल्कि प्रशासन की नीयत और निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। बाबूलाल ने पूछा कि क्या अब झारखंड में अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण के सहारे खुली छूट मिल रही है।

उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री को याद दिलाना चाहते हैं कि जब इस अपराधी की ओर से खुलेआम गोली चलवाने की घटना हुई थी, तब भी उन्होंने इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन आज की स्थिति यह बताती है कि राज्य में अपराधी बेखौफ हैं और कानून का डर खत्म होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता जानना चाहती है, क्या कानून का राज चलेगा या राजनीतिक संरक्षण में अपराधियों का मनोबल बढ़ता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story