दिशोम गुरु शिबू सोरेन को सम्मानित किया जाना झारखंडवासियों के लिए गर्व की बात : आदित्य
रांची, 23 जून (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने झारखंड के दिवंगत नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता जाहिर की है। साथ ही उन्होंने इसके लिए मोदी सरकार का आभार भी व्यक्त किया है।
साहू ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से प्रदान किया गया यह सम्मान उनके आजीवन संघर्ष, जनसेवा, आदिवासी अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण का राष्ट्रीय सम्मान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश उन महान विभूतियों के योगदान को उचित सम्मान दे रहा है, जिन्होंने समाज और राष्ट्र के निर्माण में अमूल्य भूमिका निभाई है। यह उसी कड़ी का हिस्सा है।
साहू ने कहा कि झारखंड आंदोलन के प्रणेता, आदिवासी समाज की आवाज़, जननायक और दिशोम गुरु शिबू सोरेन को सम्मानित किया जाना सभी त झारखंडवासियों के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। यह सम्मान केवल स्वर्गीय शिबू सोरेन को ही नहीं, बल्कि झारखंड की जनजातीय अस्मिता, संघर्षशील परंपरा और गौरवशाली विरासत को भी समर्पित है। शिबू सोरेन केवल एक परिवार, एक समुदाय के नेता नहीं बल्कि पूरे झारखंड के नेता थे। उन्होंने आजीवन शराबबंदी, महाजनी प्रथा, दहेज के खिलाफ संघर्ष किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

