अग्निवीरों के भविष्य को नई उड़ान, मोदी सरकार का दीपावली उपहार : संजय सेठ

WhatsApp Channel Join Now
अग्निवीरों के भविष्य को नई उड़ान, मोदी सरकार का दीपावली उपहार : संजय सेठ


रांची, 04 नवंबर (हि.स.)। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अग्निवीरों के भविष्य को लेकर केंद्र सरकार की ओर से लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय का स्वागत करते हुए इसे देश के युवाओं के लिए दीपावली का विशेष उपहार बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने युवाओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए एक ऐसी व्यवस्था की है, जिससे अग्निवीरों को सशस्त्र सेनाओं में लंबे समय तक सेवा करने के अतिरिक्त अवसर प्राप्त होंगे।

सेठ ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि अग्निवीरों के पहले बैच की चार वर्ष की सेवा अवधि पूरी होने के बाद उनके भविष्य को लेकर केंद्र सरकार का यह निर्णय बेहद महत्वपूर्ण है। संशोधित व्यवस्था के तहत पहले से निर्धारित 25 प्रतिशत अग्निवीरों के नियमित सेवा में चयन के अतिरिक्त शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा का अवसर प्रदान किया जाएगा। इस अवधि के बाद इच्छुक अग्निवीर निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करते हुए सशस्त्र सेनाओं में शामिल होने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन युवाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आया है, जिन्होंने अग्निवीर के रूप में देश की सेवा करते हुए अनुशासन, साहस, समर्पण और सैन्य कौशल का परिचय दिया है। दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा से उन्हें अपने सैन्य अनुभव को और अधिक समृद्ध करने तथा देश की रक्षा में योगदान देने का अवसर मिलेगा।

रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि इस व्यवस्था से एक ओर युवाओं को सेना में सेवा के अतिरिक्त अवसर मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर भारतीय सशस्त्र सेनाओं को प्रशिक्षित, अनुभवी और दक्ष मानव संसाधन का लाभ प्राप्त होगा। इससे सेना की कार्यक्षमता, सामर्थ्य और युद्धक तैयारियों को और मजबूती मिलेगी।

संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार केवल युवाओं को अवसर देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। राष्ट्रहित और युवा हित को साथ लेकर चलने वाला यह निर्णय सरकार की दूरदर्शी सोच का परिचायक है।

उन्होंने इस महत्वपूर्ण एवं युवा हितैषी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772542 Articles

Share this story