झारखंड में चोरी, डकैती और हत्याओं को लेकर आम लोगों में असुरक्षा की भावना : बाबूलाल

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में चोरी, डकैती और हत्याओं को लेकर आम लोगों में असुरक्षा की भावना : बाबूलाल


देवघर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। दुमका से गिरिडीह जाने के क्रम में शनिवार को झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का सारठ चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। पूर्व विधायक रणधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने फूल-माला पहनाकर उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था और शासन व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विधि-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और चोरी, डकैती, हत्या और गोलीबारी जैसी घटनाओं को लेकर आम लोगों में असुरक्षा की भावना है।

बाबूलाल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस को अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन राज्य में बालू और कोयला सहित खनिजों से जुड़े अवैध वसूली के मामलों को लेकर पुलिस की भूमिका पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना होना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व भी बाबूलाल मरांडी डीजीपी की अपराध नियंत्रण संबंधी समीक्षा बैठक के बाद हुई गोलीबारी की घटनाओं का हवाला देते हुए राज्य की विधि-व्यवस्था पर सवाल उठा चुके हैं।

सारठ चौक पर हुए स्वागत के दौरान भाजपा के कई स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story