मीडिया संस्थान पर पुलिस की कार्रवाई चौथे स्तंभ पर हमला: दीपक प्रकाश
रांची, 16 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा मामले में राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के जरिये मीडिया के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के साथ झारखंड सरकार, सरकारी मशीनरी, पुलिस प्रशासन का जो रवैया है, वह अलोकतांत्रिक है, उसकी जितनी भी भर्त्सना की जाए कम है। उन्होंने रांची और सिमडेगा पुलिस के द्वारा गुंडों की तरह बिना सर्च वारंट के एक प्रतिष्ठित समाचार चैनल के दफ्तर में रात को घुसने की घटना की निंदा करते हुए इसे 1975 की आपातकाल की पुनरावृत्ति बताया। उन्होंने इस विषय पर आत्मचिंतन करने पर बल दिया।
प्रकाश ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में सोमवार को कहा कि 13 नवंबर को सिमडेगा के कांग्रेस के विधायक भूषण बाडा पर सिमडेगा के ही एक नाबालिग आदिवासी समाज की 14 वर्षीय बालिका ने दुष्कर्म और यौन शोषण का आरोप लगाते हुए एक एफआईआर दर्ज कराया। बीएनएस की धारा 183 के तहत उस नाबालिग आदिवासी बालिका का रांची के न्यायिक दंडाधिकारी के सामने बयान दर्ज होने से सरकार, सरकारी तंत्र और कांग्रेस बुरी तरह से बौखला गई है।
उन्होंने कहा कि इस मामले को मीडिया की ओर से उठाया गया। हद तो तब हो गई जब हरमू स्थित एक न्यूज़ चैनल के कार्यालय में सादे लिबास में गुंडे की तरह अवैध रूप से घुसकर तलाशी के नाम पर भयादोहन किया गया। सूचना मिलते ही इस मामले पर जब मैंने वरिष्ठ अधिकारियों को फोन किया तो फोन नहीं उठाया। मैं घटनास्थल पर पहुंच कर धरने पर बैठ गया। प्रकाश ने झारखंड के पुलिस विभाग की कार्यशैली पर प्रश्न खड़ा करते हुए सवालिया अंदाज में कहा कि क्या बिना सर्च वारंट के किसी के घर पर रात को दबीश दी जा सकती है। पुलिस अधिकारियों के जरिये वहां से कीमती सामानों को भी साथ ले जाया गया लेकिन पंचनामा के तहत लिस्ट नहीं बनाया गया। इससे साफ जाहिर होता है कि इस राज्य में जंगल राज्य व्याप्त है।
उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि ये दोषी विधायक को बचाने की कोशिश में लगे हुए हैं। चैनल के कार्यालय सहित जहां जहाँ जो एविडेंस मौजूद है, उस एविडेंस को मिटाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की अभिव्यक्ति पर हमला बताया। उन्होंने पूछा कि किसी मामले को उजागर पत्रकार और मीडिया नहीं करेगा तो कौन करेगा। प्रेसवार्ता में प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव एवं मीडिया सह-प्रभारी नीरज सिंह भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

