प्रोजेक्ट भवन और सदर अस्पताल में रोक, बाबूलाल बोले- पत्रकारों से क्यों डर रही सरकार

WhatsApp Channel Join Now
प्रोजेक्ट भवन और सदर अस्पताल में रोक, बाबूलाल बोले- पत्रकारों से क्यों डर रही सरकार


प्रोजेक्ट भवन और सदर अस्पताल में रोक, बाबूलाल बोले- पत्रकारों से क्यों डर रही सरकार


रांची, 26 अगस्त (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार पर पत्रकारों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। मरांडी ने सोशल मीडिया एक्स पर बुधवार को लिखा है कि राज्य में एक के बाद एक सरकारी संस्थानों में पत्रकारों की एंट्री पर रोक लगाई जा रही है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सबसे पहले रिम्स में पत्रकारों की एंट्री पर रोक लगाई गई। इसके बाद प्रोजेक्ट भवन में पत्रकारों के प्रवेश पर रोक लगी। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम को सील कर पत्रकारों की पहुंच भी रोक दी गई। अब सदर अस्पताल में भी पत्रकारों की एंट्री पर प्रतिबंध लगाए जाने की खबर है।

उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि अब थाना और दूसरे सरकारी दफ्तरों में पत्रकारों की एंट्री की बारी है। मरांडी ने तंज कसते हुए कहा कि कैमरे की मौजूदगी में कई काम करने में दिक्कत होती है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार को समझना चाहिए कि पत्रकार सरकार के मेहमान नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रहरी हैं। पत्रकारों की एंट्री रोकने से सवाल नहीं रुकेंगे और कैमरे बंद करने से सच्चाई नहीं छिपेगी।

उन्होंने कहा कि अगर सरकार इसी तरह पत्रकारों की आवाज और पहुंच रोकना चाहती है, तो राज्य के सभी छोटे-बड़े पत्रकारों को एक साथ राज्य से बाहर करने का आदेश जारी कर देना चाहिए। फिर न पत्रकार रहेंगे, न सवाल होंगे और न कैमरे होंगे। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार की इस नीति को लोकतंत्र और पत्रकारिता की स्वतंत्रता के लिए चिंता का विषय बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story