छात्रों पर झामुमो कार्यकताओं के हमले को बाबूलाल ने बताया शर्मनाक

WhatsApp Channel Join Now
छात्रों पर झामुमो कार्यकताओं के हमले को बाबूलाल ने बताया शर्मनाक


रांची, 21 अगस्त (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने लोकतांत्रिक तरीके से न्याय की मांग कर रहे छात्रों के साथ हुई मारपीट को दमनात्मक कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि रांची, गिरिडीह, हजारीबाग में शांतिपूर्ण अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पुतला दहन करने जा रहे छात्रों पर पुलिस की मौजूदगी में झामुमो के कार्यकताओं की ओर से अचानक हमला करना बेहद शर्मनाक है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के हत्या का प्रयास है।

मरांडी ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि छात्र आंदोलन को पहले धोखा और साजिश के माध्यम से खत्म कराया गया और अब हेमंत सरकार गुंडागर्दी पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र आंदोलन को साजिश के तहत रद्द करने और न्यायालय में अपने ही फैसले का बचाव नहीं करने के विरोध में राहुल गांधी और हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर छात्र लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रहे थे, लेकिन इसी क्रम में हजारीबाग के गांधी मैदान और गिरिडीह में छात्रों पर झामुमो के कार्यकताओं की ओर से मास्क पहनकर लाठीचार्ज किया गया। रांची में भी छात्रों पर हमला हुआ।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी, आप कितने कुंठित, संकुचित और बदले की भावना में किस स्तर तक उतर सकते हैं, यह आपके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी अच्छी तरह जानते हैं, लेकिन अब आपकी फितरत पूरा देश जान चुका है। जब छात्र संगठित थे, तब मुख्यमंत्री की हिम्मत उनके सामने आने की नहीं थी। लेकिन अब प्री-प्लानिंग के साथ गिरिडीह और अन्य जगहों पर झारखंड के छात्रों को झामुमो के गुंडे पीट रहे हैं। राहुल गांधी और हेमंत सोरेन की इस नीचता का छात्र करारा जवाब देंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार से मिले छल के बाद छात्रों का गुस्सा लाजिमी है लेकिन फिर भी वे शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे।

मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार नहीं चाहती कि राज्य में अमन चैन हो। सरकार चाहती है कि यहां अराजकता का माहौल बने, मारपीट हो, संघर्ष हो। यह सरकार जिस रास्ते पर चल पड़ी है वह राज्य के लिए भी अच्छा संकेत नहीं है और झामुमो की सेहत के लिए भी ठीक नहीं है। उन्होंने हेमंत सोरेन को सचेत करते हुए कहा कि अगर इसके प्रतिकार में गांव गांव से नौजवान निकलेंगे तो झामुमो कार्यकर्ता कहीं नजर नहीं आयेंगे।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से झामुमो कार्यकताओं को चिन्हित कर अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की है ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story