टीएमसी के गुंडाराज, सिंडिकेट सिस्टम, महिला असुरक्षा और घुसपैठ के खिलाफ है यह जनादेश : बाबूलाल मरांडी

WhatsApp Channel Join Now
टीएमसी के गुंडाराज, सिंडिकेट सिस्टम, महिला असुरक्षा और घुसपैठ के खिलाफ है यह जनादेश : बाबूलाल मरांडी


रांची, 04 मई (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बंगाल चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के लिए बंगाल की जनता, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, शीर्ष नेतृत्व, वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी, बंगाल प्रदेश अध्यक्ष सौमिक भट्टाचार्य, भाजपा के असंख्य नेता-कार्यकर्ता और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग को बधाई दिया है। उन्होंने साफ तौर पर इसे बंगाल की जनता की जीत करार दिया है।

मरांडी ने सोमवार को कहा कि यह स्पष्ट हो गया कि बंगाल की जनता को प्रधानमंत्री पर भरोसा है। इसके लिए बंगाल की जनता बधाई की पात्र है। बंगाल की जागरूक जनता ने टीएमसी के गुंडा राज, सिंडिकेट सिस्टम, महिला असुरक्षा और घुसपैठ की गंभीर समस्याओं के खिलाफ निर्णायक जनादेश दिया है। यह जनादेश स्पष्ट करता है कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प के साथ बंगाल अब नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है।

मरांडी ने कहा कि पश्चिम बंगाल का यह विजय हर उस कार्यकर्ता के संघर्ष, समर्पण और अथक परिश्रम का परिणाम है, जिसने दिन-रात मेहनत कर जनता तक सच्चाई पहुंचाई। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यह विश्वास और भी सशक्त होगा तथा बंगाल को समृद्ध, सुरक्षित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने का संकल्प नई गति प्राप्त करेगा।

मरांडी ने कहा कि 15 वर्षों से बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की गुंडागर्दी से जनता परेशान थी। इस चुनाव में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने जनता को निर्भीक होकर मतदान करने को कहा था ताकि यहां पर इनकी गुंडागर्दी समाप्त कर एक स्वच्छ और लोकतांत्रिक सरकार बनाई जा सके। चुनाव आयोग ने भी पूरी पुख्ता तैयारी की थी ताकि कोई गड़बड़ी नहीं हो।

मरांडी ने कहा कि हम सभी को पता है कि बंगाल के छोटे-छोटे चुनाव में भी खून खराब होता रहा है। गांव घरों से लोगों को भगा दिया जाता था। लोकतंत्र होने के बावजूद कैसा अत्याचार था कि लोगों को मतदान नहीं करने दिया जाता था। टीएमसी की गुंडागर्दी के कारण वहां के लोग झारखंड, असम, उड़ीसा में शरण लेने को मजबूर थे। लेकिन इस बार छिटपुट घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो इतना बड़ा चुनाव दो चरणों में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। रिकॉर्ड तोड़ मतदान हुआ। लोग, खासकर महिलाएं घर से निकली और अपने ही पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर एक इतिहास रचने का काम किया। जब 92 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ, उसी समय स्पष्ट हो गया कि बंगाल इतिहास रचने जा रहा है, वहां परिवर्तन होगा और बीजेपी के नेतृत्व में नई सरकार बनने जा रही है।

मरांडी ने साथ ही असम, पुडुचेरी में पार्टी की जीत का श्रेय वहां की जनता को देते हुए बधाई दी है। कहा कि असम की जनता ने शांति, सुरक्षा और सतत विकास के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है। पिछले वर्षों में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था में सुधार, बुनियादी ढांचे के विकास, निवेश को बढ़ावा और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन ने राज्य को नई दिशा दी है। हिमंत बिस्वा सरमा को भी जीत की बधाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के सक्षम नेतृत्व में असम निरंतर प्रगति की नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा और समृद्ध, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर राज्य के रूप में स्थापित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story