सोने-चांदी के चम्मच में खाने वाले लोगों को गरीब नाम से ही नफरत : आदित्य

WhatsApp Channel Join Now
सोने-चांदी के चम्मच में खाने वाले लोगों को गरीब नाम से ही नफरत : आदित्य


रांची, 20 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राहुल गांधी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर किए गए अपमानजनक भाषा को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है।

उन्होंने कहा कि यह बयान कांग्रेस की उस मानसिकता को दर्शाता है, जो एक साधारण परिवार से निकलकर देश की सेवा में समर्पित नेतृत्व को स्वीकार नहीं कर पा रही है।

साहू ने कहा कि राहुल गांधी,कांग्रेस और तमाम विपक्षी पार्टियों को गरीब नाम से ही नफरत है। इन्हें गरीब नाम ही पसंद नहीं है। कोई गरीब देश के सर्वोच्च कुर्सी पर बैठे,यह इन्हें बर्दाश्त नहीं हो रहा है।

यह राजघराने के लोग हैं, सोने-चांदी के चम्मच में खाने वाले लोगों को भला गरीब लोग कैसे पसंद आ सकते हैं? जब कभी कोई गरीब व्यक्ति ऊंचा पायदान चढ़ता है तो इन्हें नागवार गुजरता है।

साहू ने कहा कि इनके पूर्वज जवाहर लाल नेहरू हो,इंदिरा गांधी हो,राजीव गांधी हो या फिर इनके द्वारा जो भी प्रधानमंत्री बनाए गए हैं,सभी इनके इशारे पर नाचते रहे हैं। नरेंद्र मोदी ने इस परिपाटी को ही बदल दिया है। पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने गांव, गरीब, किसान, मजदूर, शोषित और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं।

यही कारण है कि देश की 140 करोड़ जनता नरेंद्र मोदी एवं भाजपा को पसंद भी करती है और झोली भर भर के आशीर्वाद भी देती है। जब से नरेंद्र मोदी पीएम बने हैं एक सेवक के रूप में उन्होंने अपना जीवन समर्पित किया है।

साहू ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने अपनी नकारात्मक और अमर्यादित राजनीति का परिचय दिया है, इसके पहले भी कई बार जब भी राहुल गांधी, कांग्रेस या विपक्षी दलों को मौका मिला है, इन्होंने प्रधानमंत्री को गालियां बककर अपमानित करने का काम किया है।

राहुल गांधी विदेशों में जाकर भी देशवासियों को लगातार अपमानित और बदनाम करने का काम करते रहे हैं। एक राष्ट्रभक्त,देश के लाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को,राष्ट्रपति को भी इन लोगों ने लगातार अपमानित करने का काम किया है। इसके पीछे नरेंद्र मोदी के प्रति जनता का अपार प्यार और जनता के बीच उनकी भारी लोकप्रियता एवं स्वीकार्यता है।

देश में या किसी भी राज्य में जब भी कोई चुनाव होता है तो 80 प्रतिशत जनता नरेंद्र मोदी और भाजपा को पसंद करती है। जबकि कांग्रेस और विपक्षी पार्टी को नकारती रही है। जैसे कोई मछली बिना पानी के तड़पती है, उसी प्रकार राहुल गांधी और कांग्रेस आज सत्ता के बिना छटपटा रहे हैं।

साहू ने कहा कि चुनाव के समय लोग ये लोग गरीब की बात करते रहे हैं और चुनाव के बाद लोग गरीब किसानों को भूलने का काम करते हैं। लेकिन नरेंद्र मोदी की सरकार गरीब किसानों के प्रति समर्पित रही है।

साहू ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष जितना प्रधानमंत्री मोदी का अपमान करेंगे,जितनी भी गालियां देंगे,जनता उतनी ही मजबूती से उनके साथ खड़ी रहेगी और ऐसे अहंकारी नेताओं को लोकतांत्रिक तरीके से लगातार नकारती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story