स्वास्थ्य व्यवस्था को रसातल में ले जाने का टेंडर ले चुके इरफान अंसारी : भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य व्यवस्था को रसातल में ले जाने का टेंडर ले चुके इरफान अंसारी : भाजपा


रांची, 16 जुलाई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश प्रवक्ता शोभा यादव ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मंत्री ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह रसातल में ले जाने का टेंडर उठा रखा है। 108 एंबुलेंस सेवा में गंभीर अनियमितताओं के कारण रोज मौतें हो रही हैं। सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए अधिकारियों पर कार्रवाई का नाटक कर रही है।

प्रदेश प्रवक्ता शोभा यादव ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यदि एंबुलेंस सेवा में इतनी गड़बड़ी थी कि एजेंसी पर एफआईआर के बाद सिविल सर्जन को शोकॉज नोटिस देना पड़ा, तो सरकार ने यह स्थिति बनने ही क्यों दी। केवल एजेंसी को दोषी ठहराकर स्वास्थ्य मंत्री अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकते। झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर एंबुलेंस न मिलना, अस्पतालों में डॉक्टरों और दवाओं की कमी और चरमराई व्यवस्था से जनता त्रस्त है।

भाजपा ने सरकार से पूछा कि 108 एंबुलेंस सेवा प्रभावित होने से अब तक कितने लोगों को खामियाजा भुगतना पड़ा है, सरकार इसका जवाब दे। जनता को राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि धरातल पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और समय पर एंबुलेंस चाहिए। नई एंबुलेंस की खरीद और नई एजेंसी के चयन की समय-सीमा सार्वजनिक करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story