स्याही कांड पर आइसा का आरोप निराधार, सस्ती लोकप्रियता पाने का प्रयास : एबीवीपी

WhatsApp Channel Join Now
स्याही कांड पर आइसा का आरोप निराधार, सस्ती लोकप्रियता पाने का प्रयास : एबीवीपी


स्याही कांड पर आइसा का आरोप निराधार, सस्ती लोकप्रियता पाने का प्रयास : एबीवीपी


रांची, 07 अगस्त (हि.स.)। रांची में जेपीएससी -जेएसएससी से जुड़े मुद्दों को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान सामने आए स्याही प्रकरण पर आयसा की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा कि रांची की घटना को आधार बनाकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन( आइसा) सस्ती लोकप्रियता हासिल करने और भ्रामक राजनीतिक नैरेटिव गढ़ने का प्रयास कर रहा है।

डॉ. सोलंकी ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि विद्यार्थी हितों के वास्तविक मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने के बजाय आइसा प्रायोजित घटनाओं और राजनीतिक प्रचार के माध्यम से मीडिया की सुर्खियां बटोरने का प्रयास करता रहा है। उनके अनुसार, रांची की घटना भी इसी क्रम का हिस्सा प्रतीत होती है, जहां स्याही प्रकरण को आधार बनाकर छात्र मुद्दों से ध्यान भटकाने और राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि किसी भी घटना के आधार पर बिना तथ्यों के आरोप लगाकर भ्रम फैलाना स्वस्थ छात्र राजनीति की परंपरा के अनुरूप नहीं है। यदि किसी मामले की जांच आवश्यक है तो वह निष्पक्ष रूप से होनी चाहिए, लेकिन तथ्यों के अभाव में किसी संगठन पर आरोप लगाना केवल राजनीतिक हताशा और सस्ती लोकप्रियता का परिचायक है।

एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि छात्र आंदोलनों का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक और राष्ट्रीय हितों की रक्षा होना चाहिए, न कि झूठे नैरेटिव गढ़कर परिसरों को वैचारिक टकराव का केंद्र बनाना। उन्होंने आरोप लगाया कि आइसा लंबे समय से छात्र हितों के मुद्दों को राजनीतिक एजेंडे के अनुरूप मोड़ने और अपनी विचारधारा को छात्र आंदोलनों के माध्यम से स्थापित करने का प्रयास करता रहा है।

डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा कि विद्यार्थी आंदोलन राष्ट्र निर्माण की शक्ति हैं, राजनीतिक नौटंकी का मंच नहीं। उन्होंने दावा किया कि भारतीय विद्यार्थी समाज ऐसे प्रयासों को स्वीकार नहीं करेगा और राष्ट्रहित तथा विद्यार्थी हित के पक्ष में मजबूती से खड़ा रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story