गांव में सड़क नहीं होने से गर्भवती की मौत, बाबूलाल ने सरकार से मांगा जवाब
रांची, 27 जुलाई (हि.स.)। साहिबगंज जिले के पीराचक गांव में सड़क नहीं होने के कारण समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। इससे एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर सवाल उठाए हैं।
बाबूलाल ने सोशल मीडिया पर साेमवार को कहा कि सिर्फ सड़क नहीं होने की वजह से एक गर्भवती महिला की जान चली जाना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि राज्य बनने के 25 साल बाद भी जिले के कई गांवों तक पक्की सड़क नहीं पहुंची है।
बाबूलाल मरांडी ने सरकार से इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीराचक सहित ऐसे सभी गांवों को जल्द से जल्द पक्की सड़क से जोड़ा जाए, ताकि भविष्य में किसी की जान सड़क के अभाव में न जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

