जैक 10 वीं का परीक्षाफल के कथित लीक होना शिक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक : अभाविप
रांची, 18 अप्रैल (हि.स.)। जैक की 10 वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम कथित रूप से लीक होने के आरोपों ने राज्य में शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सरकार को घेरते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
एबीवीपी का कहना है कि परिणाम घोषित होने से पहले ही सोशल मीडिया और कुछ प्लेटफॉर्म्स पर रिजल्ट से जुड़ी जानकारी सामने आना बेहद चिंताजनक है। इससे न केवल परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर असर पड़ा है, बल्कि छात्रों और अभिभावकों के बीच असमंजस की स्थिति भी पैदा हो गई है।
रिजल्ट लीक की खबरों के बाद छात्र मानसिक रूप से परेशान नजर आ रहे हैं। कई छात्रों ने अपनी निजी जानकारी के लीक होने की आशंका जताई है, जिससे गोपनीयता और डेटा सुरक्षा पर भी सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो छात्रों का भरोसा पूरी व्यवस्था से उठ सकता है।
एबीवीपी ने इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यह केवल एक तकनीकी गलती नहीं बल्कि गंभीर लापरवाही का मामला हो सकता है।
संगठन ने पारदर्शी जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अभाविप के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों के डेटा की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इसे लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

