कांग्रेस-झामुमो को संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं : संदीप

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस-झामुमो को संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं : संदीप


रांची, 24 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने कहा कि खबरों में बने रहने के लिए राहुल गांधी अनर्गल बयानबाजी करते हैं। प्रदेश में भी कांग्रेस और झामुमो की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त एवं चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कांग्रेस-झामुमो को किसी भी संवैधानिक संस्था पर भरोसा नहीं रह गया है।

उन्होंने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि चुनाव आयोग स्पष्ट कर चुका है कि निर्णय निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिए जाते हैं। किसी संस्था में सहयोगी सदस्यों की आपत्ति और उसपर चर्चा होना स्वस्थ लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

वर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और जेएमएम की परेशानी एसआइआर नहीं, बल्कि उनका खिसकता हुआ वोट बैंक है। वोट बैंक की राजनीति के लिए बाहर से आए लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने का आरोप झारखंड में लगातार सामने आता रहा है। एसआइआर में मतदाता सूची के सत्यापन और शुद्धिकरण की प्रक्रिया शुरू होने से विपक्ष बौखला गया है।

उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस और झामुमो चुनाव जीतते हैं, तब चुनाव आयोग उन्हें निष्पक्ष नजर आता है, लेकिन राजनीतिक नुकसान की आशंका होते ही वही आयोग उन्हें गलत दिखाई देने लगता है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र को मजबूत करने की प्रक्रिया है। कांग्रेस-जेएमएम को संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story