झारखंड सरकार स्वयं को संविधान से ऊपर समझती है: संदीप

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड सरकार स्वयं को संविधान से ऊपर समझती है: संदीप


रांची, 12 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर के झारखंड दौरे के दौरान मुख्यमंत्री और राज्य के डीजीपी की ओर से उनसे मुलाकात के लिए समय नहीं देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह राज्य सरकार की महिला उत्पीड़न जैसे गंभीर मामलों के प्रति संवेदनहीनता को दर्शाता है।

वर्मा ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि झारखंड में महिलाओं के खिलाफ लगातार गंभीर घटनाएं हो रही हैं। आदिवासी समाज की आवाज उठाने वाली निशा भगत, रूपा तिर्की और संध्या तोपनो जैसे मामले सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। हाल ही में हजारीबाग में नौ वर्षीय बच्ची के साथ हुई घटना भी बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं से जुड़ी इतनी घटनाएं होने के बावजूद सरकार ने अब तक महिला आयोग और मानवाधिकार आयोग का गठन नहीं किया है। यह समझ से परे है कि राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष के दौरे के दौरान न तो स्थानीय उपायुक्त और एसपी उनसे मिलने पहुंचे और न ही मुख्यमंत्री और डीजीपी ने मुलाकात करना जरूरी समझा।

उन्होंने कहा कि निशा भगत मामले में सरकार विपक्ष के दबाव में सीबीआई जांच की अनुशंसा कर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है। यदि सरकार वास्तव में संवेदनशील होती, तो मुख्यमंत्री या उनके मंत्री पीड़ित परिवार से मिलने जरूर जाते। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार में शामिल किसी भी दल के प्रतिनिधि ने अब तक परिवार से मिलना जरूरी नहीं समझा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776141 Articles

Share this story