कांग्रेस की रैली सुपर फ्लॉप साबित होगी : अशोक बड़ाईक

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस की रैली सुपर फ्लॉप साबित होगी : अशोक बड़ाईक


रांची, 27 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा झारखंड प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक ने कांग्रेस के प्रेस वार्ता पर पलटवार किया है। उन्होंने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन बचाने के लिए वोट चोरी का शोर मचा रही है।

मंगलवार को बड़ाईक ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जनता को गुमराह करने और चुनाव आयोग पर आरोप लगाने से कांग्रेस की राजनीतिक साख वापस नहीं आने वाली। दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की रैली भी केवल राजनीतिक दिखावा बनकर रह जाएगी। यह रैली सुपर फ्लॉप साबित होगी।

बड़ाईक ने कहा कि कांग्रेस बताए कि वोट चोरी के उसके आरोपों के ठोस सबूत कहां हैं। हर चुनाव के बाद हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ना और संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना कांग्रेस की पुरानी आदत बन गई है। सिर्फ शोर मचाने से सच नहीं बदलता और झूठे आरोपों से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने अपना पक्ष माननीय सुप्रीम कोर्ट के समक्ष रख दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि फॉर्म 6 में कोई बदलाव नहीं किया गया है और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर ) से जुड़े सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं। आयोग ने यह भी कहा है कि मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के तहत निर्धारित फॉर्म में बदलाव करने का अधिकार केवल केंद्र सरकार के पास है। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान आवेदकों से मांगी गई घोषणा एक अलग दस्तावेज है, इसे फॉर्म 6 में कोई संशोधन नहीं माना जा सकता।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को सही रखना जरूरी है, ताकि फर्जी नाम हटें और किसी योग्य मतदाता का नाम न कटे। भाजपा निष्पक्ष चुनाव और हर पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के पक्ष में है। यदि कांग्रेस को कोई शिकायत है, तो वह सबूतों के साथ उचित मंच पर अपनी बात रखे, न कि देश में अराजकता फैलाकर भ्रम फैलाए। लेकिन कांग्रेस अपने वोटबैंक घुसपैठियाँ को बचाने के लिए एआईआर का विरोध कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767960 Articles

Share this story