पीएनजी पर 15 प्रतिशत वैट में कमी करे राज्य सरकार : चेंबर

WhatsApp Channel Join Now
पीएनजी पर 15 प्रतिशत वैट में कमी करे राज्य सरकार : चेंबर


रांची, 18 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव उप समिति की बैठक शनिवार को चेंबर भवन में आयोजित की गई।

बैठक में डोमेस्टिक और कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की डिलीवरी में हो रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कहा गया कि वर्तमान में शादी-विवाह का सीजन शुरू हो रहा है, ऐसे समय में पर्याप्त संख्या में गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण आम उपभोक्ताओं में चिंता का माहौल है। इसके साथ ही होटल और बैंक्वेट हॉल संचालकों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

बैठक में पीएनजी कनेक्शन लेने में हो रही असुविधाओं पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि झारखंड में पीएनजी पर 15 प्रतिशत वैट लागू है, जबकि पड़ोसी राज्य बिहार में यह मात्र 05 प्रतिशत है। इस असमानता के कारण राज्य के उपभोक्ताओं और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

चेंबर ने राज्य सरकार से मांग की कि पीएनजी पर वैट दर में कमी की जाय ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

सिलिंडर की कमी बनती जा रही गंभीर समस्या : राम बांगड

चेंबर के उप समिति चेयरमैन जसविंदर सिंह ने कहा कि पहले से ही महंगाई से त्रस्त जनता को इस कदम से काफी सुविधा प्राप्त होगी और स्वच्छ ईंधन के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

वहीं चेंबर उपाध्यक्ष राम बांगड़ ने कहा कि शादी-विवाह के सीजन में सिलिंडर की कमी गंभीर समस्या बनती जा रही है। औद्योगिक इकाइयों और रेस्त्रां बैंक्वेट को भी सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हो रही है। प्रशासन को इस दिशा में त्वरित कार्रवाई कर आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही पीएनजी कनेक्शन जहां हो गए हैं, प्राथमिकता में चालू कराने की पहल होनी चाहिए।

वहीं उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि पीएनजी कनेक्शन लेने में आ रही बाधाओं को दूर करना आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें। सह सचिव नवजोत अलंग ने कहा कि झारखंड में पीएनजी पर अधिक वैट दर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। सरकार को इसे कम कर जनता को राहत देना चाहिए। मामले में चेंबर ने राज्य सरकार से इस मामले में जल्द हस्तक्षेप कर इन समस्याओं के समाधान की मांग की।

बैठक में चेंबर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, सह सचिव नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, उप समिति चेयरमैन जसविंदर सिंह, सदस्य अनीश सिंह, बिनोद तुलस्यान, आलोक सिंह, अमित मोदी, दिलीप कुमार, आनंद जालान, किशन अग्रवाल, राजीव प्रकाश चौधरी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story