गजेन्द्र पटेल को झारखंड भाजपा का प्रभारी बनाए जाने पर प्रदेश भाजपा के नेताओं ने दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
गजेन्द्र पटेल को झारखंड भाजपा का प्रभारी बनाए जाने पर प्रदेश भाजपा के नेताओं ने दी बधाई


रांची, 23 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से गजेन्द्र पटेल को झारखंड प्रदेश का प्रभारी और सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह को सह-प्रभारी नियुक्त किए जाने पर झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित तमाम प्रमुख नेताओं ने बधाई दी है।

वहीं झारखंड के वरीय नेता सह राष्ट्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा एवं पूर्व विधायक अनंत ओझा को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किए जाने पर भी प्रदेश के नेताओं ने हर्ष जताते हुए बधाई दी है।

प्रदेश के नेताओं ने कहा कि यह बड़ी जिम्मेवारी है। उम्मीद है सभी नव नियुक्त नेता अपने दायित्व पर पूरी तरह खरा उतरेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि गजेन्द्र पटेल, सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह के संगठनात्मक अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ झारखंड भाजपा को मिलेगा। इन सभी के संगठनात्मक अनुभव, कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व में झारखंड भाजपा संगठन को नई ऊर्जा, गति और मजबूती प्राप्त होगी।

साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ प्रदीप कुमार वर्मा एवं राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किए जाने पर भी बधाई दी है।

साहू ने कहा कि अभी उत्तरप्रदेश में चुनाव भी होने हैं। ऐसे में झारखंड के इन नेताओं को बड़ी जिम्मेवारी सौंपी गई है। उन्होंने सभी के सफल और सार्थक कार्यकाल के लिए मंगलकामना की है।

वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गजेन्द्र पटेल, सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि नवनियुक्त प्रभारी एवं सह-प्रभारी के मार्गदर्शन में प्रदेश संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी।

साथ ही उन्होंने प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को भी बधाई दी है।

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि इन सभी के कुशल नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव से झारखंड में भारतीय जनता पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

वहीं उन्होंने प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को उत्तरप्रदेश में मिली जिम्मेवारी के लिए भी बधाई दी है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चम्पाई सोरेन, मधु कोड़ा, राष्ट्रीय मंत्री डॉ प्रदीप कुमार वर्मा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र कुमार राय, दिनेशानंद गोस्वामी एवं यदुनाथ पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा सहित अन्य नेताओं ने भी सभी को बधाई देते हुए इनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story