राज्यस्तरीय कृषि मेले का आयोजन आगामी 16 से 18 जून तक : शिल्पी तिर्की
रांची, 09 जून (हि.स.)।
झारखंड में कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से आगामी 16 से 18 जून तक पहली बार राज्यस्तरीय कृषि मेले का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मंगलवार को मेले की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार कृषि को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मेले में निवेश और कृषि उद्यमिता को भी बढ़ावा दिया जाएगा। आम लोगों को जोड़ने के लिए प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। विभाग को उम्मीद है कि यह आयोजन कृषि निवेश, उत्पादन वृद्धि और युवाओं की कृषि क्षेत्र में भागीदारी को प्रोत्साहित करेगा।
बैठक में मंत्री ने कहा कि यह आयोजन किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत फसल प्रबंधन और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। उन्होंने निर्देश दिया कि मेले में आने वाले प्रत्येक किसान को नई तकनीकों और नवाचारों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। किसान सीधे विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही अत्याधुनिक कृषि उपकरणों, उन्नत कृषि पद्धतियों और कृषि आधारित उद्यमिता से जुड़े मॉडलों का प्रदर्शन किया जाएगा। मेले में देशभर के 50 से अधिक कृषि वैज्ञानिक, शोधकर्ता और विशेषज्ञ भाग लेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

