नौकरी की मांग को लेकर छात्र समन्वय समिति ने दिया धरना

WhatsApp Channel Join Now
नौकरी की मांग को लेकर छात्र समन्वय समिति ने दिया धरना


दुमका , 29 सितंबर (हि.स.)। झारखंड छात्र समन्वय समिति सदस्यों ने फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में मांगों को लेकर मंगलवार को धरना दिया।

समिति की मांगों में फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग के आउटसोर्सिंग/दैनिक वेतन आधारित पदों पर होने वाली बहाली में स्थानीय एवं जमीनदाताओं की सौ फीसदी भागीदारी सुनिश्चित करने का मांग की। समिति ने बताया कि फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण एवं संचालन में स्थानीय क्षेत्र के लोगों तथा जमीनदाताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

इसके बावजूद अस्पताल में तृतीय और चतुर्थ वर्ग के आउटसोर्सिंग या दैनिक वेतन आधारित पदों पर होने वाली नियुक्तियों में स्थानीय युवाओं एवं प्रभावित जमीनदाताओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिला। समिति ने बहाली प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं योग्यता, रिक्त पदों, आवश्यक योग्यता, चयन प्रक्रिया एवं अंतिम चयन सूची को सार्वजनिक करने की मांग की। समिति का नेतृत्व श्यामदेव हेमब्रम कर रहे थे।

इस अवसर पर गोलपुर पंचायत मुखिया जयचिंता सोरेन, ग्राम प्रधान सुहागनी टुडू, कामराज मुर्मू, छात्र नेता राजीव बास्की, राजेंद्र मुर्मू उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story