एसएसपी राकेश रंजन ने देर रात रांची के संवेदनशील इलाकों का किया औचक निरीक्षण
-अड्डेबाजी और खुले में शराब पीने वालों को पुलिस ने खदेड़ा, एंटी क्राइम चेकिंग बढ़ाने के निर्देश
रांची, 16 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने मंगलवार देर रात पुलिस अधिकारियों के साथ शहर के कई संवेदनशील इलाकों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी और खुले में शराब पी रहे लोगों को हटाया तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने तिलता चौक, कटहल मोड़, ओटीसी ग्राउंड, बड़ा तालाब परिसर और अरगोड़ा चौक समेत आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। इन क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों के जमावड़े और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर लोग खुले में शराब पीते और अड्डेबाजी करते मिले। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें मौके से हटाया और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने तथा अनावश्यक रूप से जमावड़ा लगाने से बचने की चेतावनी दी।
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराध की दृष्टि से संवेदनशील और हॉटस्पॉट वाले इलाकों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा नहीं होने दिया जाए। उन्होंने संबंधित पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी) और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित एंटी क्राइम चेकिंग, वाहन जांच और गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया।
एसएसपी ने संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपराधिक घटना या सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में रात के समय विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए।
औचक निरीक्षण के दौरान यातायात पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक एसपी) राकेश सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (रुरल एसपी) गौरव गोस्वामी, कोतवाली पुलिस अधीक्षक निखिल राय समेत कई डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

