एसएसपी ने सुनी जन समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
एसएसपी ने सुनी जन समस्याएं


रांची, 01 सितंबर (हि.स.)। रांची पुलिस की ओर से आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनने और त्वरित समाधान के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के नागरिकों के साथ पुलिस कार्यालय में जन समस्या समाधान कार्यक्रम के तहत बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कोतवाली थात्र क्षेत्र के व्यवसायी, सामाजिक कार्यकर्ता, केंद्रीय शांति समिति के सदस्य, राजनीतिक प्रतिनिधि, वार्ड पार्षद एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए। नागरिकों ने क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, यातायात, अतिक्रमण एवं असामाजिक गतिविधियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं को एसएसपी के समक्ष रखा गया। लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए एसएसपी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बड़ा तालाब के समीप स्थित अघोरी आश्रम के पास बंद चीनी फैक्ट्री के परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा असामाजिक गतिविधियां किए जाने की शिकायत को गंभीरता से लिया गया। उक्त स्थल को चिह्नित कर वहां पुलिस पोस्ट स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। पुलिस पोस्ट पर एक बीट ऑफिसर की प्रतिनियुक्ति की जाएगी और टाइगर मोबाइल पेट्रोलिंग के साथ चार पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। जवान 24घंटे सातों दिन पेट्रोलिंग करेंगे व निगरानी रखेंगे। इसका उद्देश्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना और क्षेत्र में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।

लोगों ने जालान रोड, भुइयां टोली, किशोरी सिंह यादव चौक, सेवा सदन क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में नो-एंट्री के दौरान बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश एवं सड़क पर खड़े रहने से उत्पन्न होने वाली यातायात समस्या को प्रमुखता से उठाया।

इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि नो-एंट्री के निर्धारित समय के दौरान कोई भी बड़ा मालवाहक वाहन नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश व सड़क पर खड़ा नहीं रहेगा। माल व्यवसाय से जुड़े वाहनों को नो-एंट्री समाप्त होने के बाद ही संबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने और नो-एंट्री लागू होने से पूर्व संबंधित क्षेत्र से बाहर निकल जाने का निर्देश दिया गया है। नो-एंट्री अवधि में यदि कोई बड़ा वाहन सड़क पर खड़ा पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित दो वार्ड पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों की ओर से नागा बाबा खटाल स्थित सब्जी बाजार में सड़क पर सब्जी लगाए जाने के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं से अवगत कराया गया। इस संबंध में निर्णय लिया गया कि नगर निगम के समन्वय से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने की कार्रवाई की जाएगी।

टाइगर मोबाइल एवं बीट पुलिसिंग को सक्रिय रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस एवं संबंधित थाना पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।

असामाजिक तत्वों एवं नशे से संबंधित गतिविधियों के विरुद्ध लगातार निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

क्षेत्र में विधि-व्यवस्था से संबंधित प्राप्त होने वाली शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

नागरिकों की ओर से बताई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को फॉलो-अप एवं अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

एसएसपी ने कहा कि जन समस्या समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना, उनके समाधान के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाना और पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने लोगों से अपने क्षेत्र की समस्याओं एवं असामाजिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story