दुर्गा पूजा को लेकर एसएसपी ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
दुर्गा पूजा को लेकर एसएसपी ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश


दुर्गा पूजा को लेकर एसएसपी ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश


रांची, 14 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारू यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया।

मंगलवार देर रात निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। उन्होंने पूजा पंडालों के आसपास वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन की व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया।

एसएसपी ने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की संभावित बढ़ती भीड़ को देखते हुए उनकी आवाजाही सुगम बनाने और भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक इंतजामों की भी समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रांची पुलिस ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और पुलिस प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें। पुलिस ने दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सभी से सहयोग की अपील की है।

निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, कोतवाली एएसपी निखिल राय सहित संबंधित थानों के प्रभारी मौजूद थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760482 Articles

Share this story