दुर्गा पूजा को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने संवेदनशील पंडालों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
दुर्गा पूजा को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने संवेदनशील पंडालों का किया निरीक्षण


दुर्गा पूजा को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने संवेदनशील पंडालों का किया निरीक्षण


रांची, 20 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी रांची और ग्रामीण क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए रांची पुलिस अलर्ट है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने मंगलवार तड़के ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख और संवेदनशील दुर्गा पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण अभियान के तहत एसएसपी ने ग्रामीण क्षेत्र के रातू, नगड़ी, कांके और नामकुम समेत कई थाना क्षेत्रों में स्थित प्रमुख पूजा पंडालों का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और केंद्रीय शांति समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने पंडाल परिसरों, प्रवेश और निकास द्वारों तथा यातायात व्यवस्था का जायजा लिया, जिससे कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। एसएसपी ने सभी प्रमुख और संवेदनशील पंडालों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, भीड़ नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थलों पर असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने और किसी भी अप्रत्याशित या आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को भी कहा।

रांची पुलिस ने जिलावासियों से दुर्गा पूजा के दौरान आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से भ्रामक या अपुष्ट अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा विधि-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को देने का आग्रह किया है। पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763928 Articles

Share this story