एसएसपी ने की कंट्रोल रूम में बैठक, दिए कई निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
एसएसपी ने की कंट्रोल रूम में बैठक, दिए कई निर्देश


रांची, 31 मार्च (हि.स.)। रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने मंगलवार को कम्पोजिट कंट्रोल रूम में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक के दौरान एसएसपी ने पदाधिकारियों को कई निर्देश दिए। बैठक में जिले के सभी कार्यरत पेट्रोलिंग वाहनों की गतिविधियों की आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि सभी पेट्रोलिंग वाहनों में जीपीएस सिस्टम स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से उनके मूवमेंट, वर्तमान लोकेशन, गंतव्य दिशा तथा किसी स्थान पर पहुंचने में लगने वाले समय की सटीक जानकारी प्राप्त की जा रही है। इन सभी वाहनों की निगरानी सीधे कम्पोजिट कंट्रोल रूम से ही रियल-टाइम में की जा रही है, जिससे हर गतिविधि पर सतत नजर रखी जा सके।

इसके अतिरिक्त, इस प्रणाली के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देना संभव हो सकेगा तथा किसी भी घटना स्थल पर पुलिस बल की शीघ्र पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी। इससे न केवल अपराध नियंत्रण में सहायता मिलेगी, बल्कि आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक मजबूत होगी।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित पदाधिकारी इस तकनीक का पूर्ण रूप से उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं प्रभावी बनाया जा सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रवीण पुष्कर, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक यातायात एवं शहरी क्षेत्र एवं यातायात के सभी पुलिस उपाधीक्षक एवं थाना प्रभारी उपस्थित थे ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story