लॉन बॉल खिलाड़ियों को मिलेगा हर संभव मदद : छवि रंजन

WhatsApp Channel Join Now
लॉन बॉल खिलाड़ियों को मिलेगा हर संभव मदद : छवि रंजन


रांची, 20 सितंबर (हि.स.)। झारखंड के खेल निदेशक आईएएस अधिकारी छवि रंजन ने रविवार को आरके आनंद लॉन बॉल स्टेडियम नामकुम का दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने लॉन बॉल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके खेल अनुभव, अभ्यास एवं समस्याओं की जानकारी ली। कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। खिलाड़ियों और स्टेडियम के विकास के लिए हर संभव मदद करने का आश्वासन मिला।

इस अवसर पर खेल निदेशक छवि रंजन ने खिलाड़ियों के साथ मैच खेलकर लॉन बॉल के नियमों को समझने का प्रयास किया।

खिलाड़ियों और झारखंड लॉन बॉल संघ के पदाधिकारियों ने छवि रंजन का स्वागत किया। खेल निदेशक ने कहा कि लॉन बॉल खिलाड़ियों और स्टेडियम के साथ विभाग खड़ा है। खिलाड़ियों के हित में हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने अभ्यास, खेल सुविधाओं और स्टेडियम से जुड़े विषयों पर सहयोग का आश्वासन दिया।

झारखंड लॉन बॉल संघ की अध्यक्ष शीतल झा ने कहा कि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और कई पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन कर चुके हैं।

संघ के सचिव सह भारतीय बोलिंग संघ के पूर्व कोच मधुकांत पाठक ने कहा कि खिलाड़ी नियमित रूप से स्टेडियम में कड़ी मेहनत करते हैं। बेहतर खेल सुविधाएं मिलने से खिलाड़ियों को और लाभ होगा।

मौके पर दिनेश महतो, रूपा रानी तिर्की, सुनील बहादुर, लवली चौबे सहित कई खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story