जिले के 121 बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जिले के 121 बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने का निर्देश


देवघर, 01 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में सामाजिक सुरक्षा एवं बाल संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास और कल्याण से जुड़े मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला बाल संरक्षण इकाई को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि यूनिट में रिक्त सभी पदों पर शीघ्र नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि बाल संरक्षण से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो सके।

उपायुक्त ने अनाथ, बेसहारा और कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता को खो चुके बच्चों के प्रति संवेदनशीलता बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे चिन्हित 121 बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए तत्काल स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी आवेदनों की समिति के माध्यम से निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए, ताकि पात्र बच्चों को समय पर योजना का लाभ मिल सके और उनके विकास एवं अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन बच्चों के सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर भविष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में एडीएसएस सरिता भारती, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी मीरा कुमारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्यगण सहित बाल संरक्षण एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story