मिशन वात्सल्य योजना के तहत बच्चों में स्पॉन्सरशिप सहायता राशि वितरित

WhatsApp Channel Join Now
मिशन वात्सल्य योजना के तहत बच्चों में स्पॉन्सरशिप सहायता राशि वितरित


रामगढ़, 28 सितंबर (हि.स.)। जिला बाल संरक्षण इकाई की ओर से मिशन वात्सल्य योजना' के तहत स्पॉन्सरशिप सहायता राशि वितरण कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को किया गया।

इस दौरान विधायक ममता देवी, निर्मल महतो, डीसी ऋतुराज कार्यक्रम में उपस्थित थेे। कार्यक्रम के अंतर्गत जरूरतमंद बच्चों की देखरेख और संरक्षण के लिए बच्चों को स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा, पोषण सहित अन्य विकासपरक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए आयोजित किया गया।

इस दौरान जिले के 77 जरूरतमंद, अनाथ और देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के बीच 4,000 रुपये प्रति माह की दर से आर्थिक लाभ राशि का वितरण किया गया। इसके तहत मंच से बच्चों को प्रशस्ति पत्र और चेक दिया गया।

उल्लेखनीय है जिले में अब तक इस योजना से कुल 754 बच्चों के बीच 4,000 रुपये प्रति माह की दर से आर्थिक लाभ राशि का वितरण किया गया है।

इस अवसर पर विधायक ममता देवी ने कहा कि मिशन वात्सल्य योजना राज्य सरकार की एक अत्यंत महत्त्वाकांक्षी पहल है जो बच्चों के शुरुआती पोषण एवं सुरक्षा से लेकर उनके सर्वांगीण विकास का जिम्मा उठाती है। योजना के अंतर्गत मिलने वाली आर्थिक सहायता बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पौष्टिक आहार और स्वस्थ जीवन शैली सुनिश्चित करेगी। ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक तंगी के कारण अपनी पढ़ाई या बेहतर पालन-पोषण से वंचित न रहे।

वहीं डीसी ऋतुराज ने कहा कि मिशन वात्सल्य योजना का मुख्य उद्देश्य कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे बच्चों को सामाजिक, मानसिक और आर्थिक संबल देता है। जिला प्रशासन का लक्ष्य जिले के सभी योग्य बच्चों को इस योजना से जोड़ना है और इसके लिए ग्रामीण एवं पंचायत स्तर तक इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। ताकि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंच सके।

कार्यक्रम में बाल संरक्षण पदाधिकारी शांति बागे, विभिन्न प्रखंडों से आए अभिभावक सहित बाल संरक्षण कार्यालय के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story