मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर १८ और २० को
रांची, 17 जुलाई (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत रांची जिले के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर 18 और 20 जुलाई 2026 की सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविर का उद्देश्य मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराना और भरे हुए प्रपत्र प्राप्त करना है। जिला प्रशासन के अनुसार जिन मतदाताओं को अब तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है या जिन्होंने प्रपत्र प्राप्त करने के बाद अभी तक जमा नहीं किया है, वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित शिविर में पहुंचकर प्रपत्र प्राप्त या जमा कर सकते हैं।
वहीं, जिन मतदाताओं ने अपना प्रपत्र संबंधित बीएलओ के पास या ऑनलाइन सफलतापूर्वक जमा कर दिया है, उन्हें शिविर में आने की आवश्यकता नहीं होगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी शहरी मतदाताओं से विशेष शिविर का लाभ उठाने और निर्धारित समय पर गणना प्रपत्र जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है, वे 18 और 20 जुलाई को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर इसे पूर्ण करें। साथ ही, विदेशी नागरिक या भारतीय नागरिकता त्याग चुके व्यक्ति अपने नाम पर प्राप्त गणना प्रपत्र को बिना भरे और बिना हस्ताक्षर किए संबंधित बीएलओ को वापस कर दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

