विशेष वाहन जांच अभियान में 14 वाहनों पर 2.92 लाख का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
विशेष वाहन जांच अभियान में 14 वाहनों पर 2.92 लाख का जुर्माना


विशेष वाहन जांच अभियान में 14 वाहनों पर 2.92 लाख का जुर्माना


रामगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर कोठार पुल के समीप परिवहन विभाग की टीम ने सघन जांच अभियान चलाकर कुल 67 वाहनों की जांच की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 14 वाहनों पर कुल 2 लाख 92 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

जांच अभियान के दौरान मुख्य रूप से मालवाहक वाहनों, बड़े वाहनों और दोपहिया वाहनों को जांच के दायरे में रखा गया। विशेष रूप से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर नजर रखी गई। जांच के दौरान बिना हेलमेट पकड़े गए चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने की हिदायत दी गई।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जान की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। लापरवाही से वाहन चलाना न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी खतरा बन सकता है।

इस विशेष अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) राजेश एक्का, मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) मोनू मृणाल और विपुल उरांव एवं रोड सेफ्टी टीम के आईटी असिस्टेंट विकास कुमार सहित परिवहन विभाग के कर्मी शामिल थे।

जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की है। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन के सभी जरूरी कागजात साथ रखने का निर्देश दिया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह जांच अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776693 Articles

Share this story