झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा पर देवघर में विशेष नशामुक्ति अभियान

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा पर देवघर में विशेष नशामुक्ति अभियान


देवघर, 22 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं उत्पाद विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाकर आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया।

अभियान के दौरान विभागीय टीम ने लोगों के बीच जागरूकता संदेश प्रसारित करते हुए किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने की अपील की। साथ ही नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान की जानकारी देकर समाज को नशामुक्त बनाने में आम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

वहीं, अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग की ओर से जिले के विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर सघन छापेमारी अभियान भी चलाया गया। इस दौरान कई स्थानों पर अवैध रूप से संचालित शराब की भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त किया गया। इसके अलावा अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन एवं उत्पाद विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशामुक्त समाज के निर्माण और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आने वाले दिनों में भी जागरूकता एवं छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781587 Articles

Share this story