राजकीय श्रावणी मेला का समापन

WhatsApp Channel Join Now
राजकीय श्रावणी मेला का समापन


देवघर, 28 अगस्त (हि.स.)। बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में एक माह तक चले राजकीय श्रावणी मेला का शुक्रवार को समापन हो गया।

मेला के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के बाद बाबा बैद्यनाथ मंदिर में अर्घा हटाकर स्पर्श पूजा की शुरुआत की गई।

राजकीय श्रावणी मेला के अंतिम दिन मेला के सफल समापन को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना और अनुमंडल पदाधिकारी सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार ने बाबा बैद्यनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंदिर से अर्घा हटाया गया और श्रद्धालुओं के लिए बाबा बैद्यनाथ की स्पर्श पूजा शुरू हुई।

अर्घा हटने के बाद उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी को पूरे विधि-विधान के साथ बाबा बैद्यनाथ की षोडशोपचार पूजा की गई। पूजा-अर्चना के बाद उपायुक्त ने राजकीय श्रावणी मेला के सफल एवं बेहतर संचालन के लिए बाबा बैद्यनाथ को नमन करते हुए आभार व्यक्त किया।

वहीं, पूजा के बाद उपायुक्त ने मां तारा मंदिर परिसर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, सहायक मंदिर प्रभारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, अधिकारी, कर्मचारी और मंदिर प्रबंधन से जुड़े कर्मी मौजूद थे।

एक माह तक चले राजकीय श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया। मेला के समापन के साथ ही देवघर में एक माह से जारी कांवरिया सेवा, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था का विशेष अभियान भी संपन्न हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story