एसपी ने सभी थानेदारों से मांगी 13 बिंदुओं पर रिपोर्ट
रामगढ़, 23 अप्रैल (हि.स.)। एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने नई पहल शुरू कर दी है। क्राइम मीटिंग में उन्होंने अपनी मंशा पहले ही जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों के बीच स्पष्ट कर दी थी। क्राइम मीटिंग के दौरान उन्होंने रामगढ़ पुलिस के सिस्टम को जानने की कोशिश की। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि जिले में काम करने की उनकी शैली बिल्कुल अलग होगी। 13 बिंदुओं पर उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से रिपोर्ट मांगी है। यह रिपोर्ट पुलिस सिस्टम की कार्य प्रणाली से जुड़ा हुआ है। रामगढ़ में पुलिस के काम करने का स्टाइल ऐसा बनेगा जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों और समाज के विभिन्न वर्गों में भय मुक्त वातावरण बन सके।
पुलिस की पेट्रोलिंग अभी तक शहरी क्षेत्र और भीड़भाड़ वाले इलाके में ही होती रही है। लेकिन एसपी मुकेश कुमार लुनायत एक ऐसा सिस्टम बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसके बाद सुदूरवर्ती इलाकों में भी पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी नजर आएगी। जिन इलाकों में उपद्रवी, असामाजिक तत्व, नशेड़ी और मनचले अड्डा लगाकर बैठे रहते हैं, वहां भी पुलिस का सायरन बजाता हुआ दिखेगा।
एसपी के निर्देश पर रामगढ़ जिले के सभी थाना परिसर में डेली मीटिंग की परंपरा शुरू हुई है। हर दिन थाना प्रभारी अपने पुलिस पदाधिकारी के साथ बैठक करेंगे और टास्क ऑफ द डे का निर्धारण करेंगे। इस बैठक में क्राइम कंट्रोल, मामलों के उद्भेदन, विधि व्यवस्था संधारण पर चर्चा होगी। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखा जाएगा कि पुलिस पदाधिकारी और कर्मी अपनी भूमिका सही तरीके से निभाएं। साथ ही थाना स्तर पर क्राइम कंट्रोल और वारंटियों की गिरफ्तारी के अलावा नियमित तौर से अभिलेख और कर्तव्यों की वस्तु स्थिति पर निगरानी रखी जाएगी।
नई पहल की शुरुआत एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने खुद ही की। वे गुरुवार को पतरातू पहुंचे और सीडीपीओ रघुवेंद्र शर्मा, इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान लंबित वारंट, कुर्की, सम्मन के निष्पादन, फरारियों की गिरफ्तारी, आरोप पत्रित अपराधकर्मियों के भौतिक सत्यापन, थाना में लंबित करैक्टर एवं पासपोर्ट सत्यापन, सीसीटीएनएस प्रविष्टि, लंबित कांडों के अनुसंधान और निष्पादन, विधि व्यवस्था संधारण जैसे विषयों पर चर्चा की।
इसके अलावा बासल, भुरकुंडा, भदानीनगर, बरकाकाना ओपी का भी एसपी ने निरीक्षण कर निर्देश दिया। एसपी ने बताया कि सभी थाना प्रभारी अगले दिन होने वाली बैठक में पिछले बैठक की समीक्षा करेंगे। साथ ही पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देंगे। उन्होंने एसडीपीओ और इंस्पेक्टर को अपने क्षेत्राधिकार के थाने में हर सप्ताह कम से कम एक बार दौरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान थाना की दैनिक बैठक का संचालन भी वे करेंगे। साथ ही वहां पर पदस्थापित पदाधिकारी के प्रदर्शन के समीक्षा करेंगे। अगर किसी की लापरवाही मिलेगी तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई भी होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

