ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार
चतरा, 29 सितंबर (हि.स.)। गिद्धौर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उसके पास से ब्राउन शुगर के अलावा बाइक, मोबाइल, 15,500 रुपये नकद, चांदी की चेन और व्हाट्सऐप चैटिंग का प्रिंट भी जब्त किया है।
चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपाची बाइक से ड्रग्स लेकर चतरा से हजारीबाग की ओर जाने वाला है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए सदर अंचल के पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र हांसदा के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने गिद्धौर थाना क्षेत्र के सलीमपुर मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान चतरा की ओर से काले रंग की अपाची बाइक पर आ रहे युवक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। युवक भागने लगा तो सशस्त्र बल के सहयोग से पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान निराला कुमार (19) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
मामले में गिद्धौर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
छापामारी दल में थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री सहित गिद्धौर थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

