कोयला परियोजना परिसर में फायरिंग मामले में दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कोयला परियोजना परिसर में फायरिंग मामले में दो गिरफ्तार


चतरा, 25 अगस्त (हि.स.)। टंडवा थाना क्षेत्र स्थित मगध-संघमित्रा क्षेत्र की चंद्रगुप्त कोल माइंस प्राइवेट लिमिटेड के सिक्योरिटी कार्यालय के समीप 23 अगस्त को हुई गोलीबारी मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में रांची जिले के डोरंडा थाना क्षेत्र के सचिवालय कॉलोनी निवासी विकास कुमार सिंह और हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के असधी गांव निवासी स्वराज ठाकुर शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि 23 अगस्त को अज्ञात मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने सिक्योरिटी कार्यालय में घुसकर भयादोहन एवं रंगदारी मांगने के उद्देश्य से फायरिंग की थी। घटना में विकास कुमार सिंह के घायल होने की बात सामने आई। मामले को लेकर टंडवा थाना कांड संख्या 193/26 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी टंडवा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआइटी ) गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं अनुसंधान के आधार पर 24 अगस्त की रात रांची एयरपोर्ट थाना क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हथियार एवं अन्य सामान बरामद किया। एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि घटना में प्रयुक्त हथियार को घटना के बाद भागने के दौरान रास्ते में छिपा दिया गया था। जिसकी बरामदगी आरोपियों की निशानदेही पर की गई।

पुलिस ने 7.65 एमएम का एक खाली खोखा, 7.62 एमएम के 19 खाली खोखे, तीन स्मार्टफोन, 32,800 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में रंगदारी के लेन-देन की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में राहुल दुबे के माध्यम से भेजी गई रकम को स्वराज ठाकुर के खाते में लिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस इस पूरे मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

छापेमारी दल में टंडवा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभात रंजन बरवार, थाना प्रभारी प्रभात कुमार, अमित कुमार, संदीप कुमार, तकनीकी शाखा की टीम तथा टंडवा थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Share this story