रामगढ़ में मार्च 2027 तक पूरा होगा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट
रामगढ़, 03 नवंबर (हि.स.)। शहर में ठोस कचरा प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। मंगलवार को डीसी ऋतुराज ने रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के मुर्रामकलां स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में प्रस्तावित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोसेसिंग प्लांट स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
उल्लेखनीय है कि करीब दो माह पूर्व प्रस्तावित प्लांट स्थल पर जमा 42 हजार मीट्रिक टन से अधिक पुराने कचरे को हटाने का निर्देश दिया गया था। लगातार बारिश के कारण कचरा हटाने का कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया था। हालांकि, उपायुक्त की ओर से नियमित निगरानी एवं तीन बार स्थल निरीक्षण किए जाने के बाद प्लांट निर्माण के लिए स्थल तैयार कर लिया गया है।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने निर्माण एजेंसी को विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्लांट निर्माण के साथ बाउंड्री वॉल का काम भी समानांतर रूप से कराने और इसके लिए अलग-अलग टीम गठित करने को कहा। प्लांट से संबंधित सभी आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण हर हाल में 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का निर्देश दिया गया।
डीसी ने नगर परिषद एवं रामगढ़ कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों को प्लांट निर्माण पूरा होने तक प्रतिदिन निकलने वाले कचरे का व्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, पुराने कचरे के निष्पादन के लिए विस्तृत डीपीआर तैयार कर विभागीय स्वीकृति के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान बाउंड्री वॉल निर्माण की धीमी प्रगति पर डीसी ने नाराजगी जताई और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण में नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी, उपाध्यक्ष रंधीर कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन सहित संबंधित अधिकारी एवं एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

