रामगढ़ आर्मी कैंप में ड्रग्स के साथ जवान गिरफ्तार, भेजा गया जेल

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ आर्मी कैंप में ड्रग्स के साथ जवान गिरफ्तार, भेजा गया जेल


रामगढ़ आर्मी कैंप में ड्रग्स के साथ जवान गिरफ्तार, भेजा गया जेल


रामगढ़, 19 जून (हि.स.)। रामगढ़ स्थित सैन्य प्रतिष्ठानों में नशीले पदार्थों की रोकथाम को लेकर चल रही निगरानी के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सेना के जवान को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार जवान की पहचान बलविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो रामगढ़ आर्मी कैंप में तैनात था। पुलिस ने अदालत के आदेश पर आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने शुक्रवार को बताया कि आरोपित जवान हाल ही में छुट्टी बिताकर पंजाब से वापस लौटा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसके पास नशीला पदार्थ होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और जवान को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से ड्रग्स बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, रामगढ़ आर्मी कैंप में स्थित पंजाब रेजिमेंटल सेंटर और सिख रेजिमेंटल सेंटर सहित विभिन्न सैन्य इकाइयों में नशीले पदार्थों के संभावित उपयोग और तस्करी को लेकर समय-समय पर निगरानी की जाती रही है। इसी क्रम में प्राप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि उनके बयान के आधार पर रामगढ़ थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपित से पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद ड्रग्स व्यक्तिगत उपयोग के लिए था या फिर इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है।

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि नशीला पदार्थ पंजाब से रामगढ़ तक कैसे पहुंचा और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं। जांच के लिए विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है तथा आवश्यकतानुसार संबंधित एजेंसियों से भी सहयोग लिया जाएगा।

गिरफ्तारी के बाद आरोपित जवान को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story