बीएफसीएल ने ग्रामीण क्षेत्रों में लगाया स्ट्रीट लाइट, लोगों को हो रही सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
बीएफसीएल ने ग्रामीण क्षेत्रों में लगाया स्ट्रीट लाइट, लोगों को हो रही सुविधा


बीएफसीएल ने ग्रामीण क्षेत्रों में लगाया स्ट्रीट लाइट, लोगों को हो रही सुविधा


रामगढ़, 25 मई (हि.स.)। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई रोशनी फैलाने की दिशा में बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) लगातार सार्थक पहल कर रही है। कंपनी अपने कॉर्पोरेट पर्यावरणीय दायित्व के तहत आसपास के गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य कर रही है। इस पहल से गांवों में न केवल रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था बेहतर हुई है, बल्कि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा भी मिल रही है।

बीएफसीएल की सीईआर टीम की ओर से मई माह में मरार, दिगवार, पोचरा, हथीमारा, फूलसराय और मनुवा गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित की गई है। कंपनी ने मरार में 03, दिगवार में 05, पोचरा में 03, हथीमारा में 03, फूलसराय में 03 और मनुवा गांव में 03 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाया है।

ग्रामीणों का कहना है कि पहले शाम ढलते ही कई रास्ते अंधेरे में डूब जाते थे, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। अब सोलर लाइट लगने से गांव की गलियां और मुख्य रास्ते रोशन रहने लगे हैं, जिससे लोगों में सुरक्षा की भावना भी बढ़ी है।

सोलर स्ट्रीट लाइट परियोजना केवल सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सौर ऊर्जा आधारित लाइटें बिजली की बचत के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देती हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण अनुकूल विकास की अवधारणा भी मजबूत हो रही है।

बीएफसीएल प्रबंधन ने कहा कि कंपनी औद्योगिक विकास के साथ-साथ सामाजिक विकास को भी समान प्राथमिकता देती है। कंपनी शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में लगातार जनहितकारी कार्य कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story