एक्सप्लोसिव वैन ने स्कूटी को मारी टक्कर, दो की मौत
रामगढ़, 16 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़-गिद्दी मुख्यमार्ग पर बिंझार के पास गुरुवार को एक एक्सप्लोसिव ट्रक ने एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी। इस हादसे में स्कूटी पर सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने मार्ग को जाम कर दिया और एक्सप्लोसिव ट्रक को पुलिस के हवाले किया।
घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि मृतकों में मनुआ गांव निवासी अमित मुंडा (26) और बब्लू बेदिया (27) शामिल हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि अमित मुंडा और बब्लू बेदिया अपने एक अन्य साथी पंकज के साथ स्कूटी जेएच 01 एफजेड 8113 पर सवार होकर अपने घर मनुआ लौट रहे थे। इसी दौरान गिद्दी की तरफ से आ रहे एक्सप्लोसिव ट्रक एमएच 40 सीटी 5654 ने उन्हें अपनी चपेट में लिया। इस हादसे में अमित और बब्लू की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। लेकिन स्कूटी चला रहे पंकज अपनी स्कूटी लेकर वहां से फरार हो गया।
घटना के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया है। ग्रामीणों को समझने का प्रयास किया जा रहा है। रामगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि सोलार कंपनी के एक्सप्लोसिव ट्रक से हादसा हुआ है। मुआवजे की रकम को लेकर ग्रामीणों ने कंपनी के प्रतिनिधियों को बुलाने की मांग रखी है। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी है। सोलार कंपनी के प्रतिनिधि घटना स्थल पर नहीं पहुंचे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

