सोसो में धूमधाम से मना पड़हा सोहराई जतरा महोत्सव

WhatsApp Channel Join Now
सोसो में धूमधाम से मना पड़हा सोहराई जतरा महोत्सव


रांची, 11 नवंबर (हि.स.)। सोसो गांव में 22 पड़हा सोहराई जतरा महोत्सव बुधवार को पारंपरिक रीति-रिवाज और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। महोत्सव का आयोजन अध्यक्ष दिलीप उरांव की अगुवाई में किया गया।

जतरा का शुभारंभ गांव के पहान शानि पहान ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया। इसमें आसपास के विभिन्न गांवों से खोड़हा मंडलियों ने भाग लिया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा ने सभी खोड़हा मंडलियों का स्वागत किया। उन्होंने पारंपरिक आदिवासी प्रतीक सरना झंडा देकर मंडलियों को सम्मानित किया।

मौके पर बबलू मुंडा ने कहा कि जतरा और सेंदरा आदिवासी समाज को पूर्वजों से मिली विरासत और व्यवस्था है। समाज को अपनी पहचान, परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर बचाने के लिए गंभीरता से प्रयास करना होगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आदिवासी धर्म, संस्कृति, रीति-रिवाज और रूढ़ी-प्रथा पर चौतरफा चुनौतियां हैं। ऐसे में अपनी परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज को एकजुट होना जरूरी है। उन्होंने सांस्कृतिक विरासत को कमजोर करने वाली गतिविधियों के प्रति सजग रहने और अपनी पहचान की रक्षा करने का आह्वान किया।

महोत्सव में जनजाति सुरक्षा मंच के मुख्य संयोजक संदीप उरांव, करमचंद उरांव, रितेश उरांव, राजू उरांव, विशाल उरांव, उत्तम उरांव, किशुन उरांव, अभिषेक उरांव, शांति उरांव, सुभाष बेक सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775558 Articles

Share this story