सामाजिक संगठनों ने शांति भाईचारे से त्यौहार मनाने का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
सामाजिक संगठनों ने शांति भाईचारे से त्यौहार मनाने का लिया संकल्प


रांची, 04 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर झारखंड तंजीम के तत्वावधान में रविवार को होटल पार्टी पैलेस में विशेष परिचर्चा आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ 33 दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों ने भाग लिया। सबों ने बेहद शांति सौहार्द सद्भावना से त्यौहार मनाने का संकल्प लिया।

परिचर्चा की अध्यक्षता झारखंड तंजीम के अध्यक्ष शमसेर आलम और युवा दस्ता के राजीव रंजन मिश्रा ने संयुक्त रूप से की। मौके पर राजीव रंजन ने कहा कि बैठक में त्योहारों के दौरान आपसी समन्वय मजबूत करने, प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने और शांति-सद्भाव कायम रखने पर चर्चा हुई है।

शमसेर आलम ने कहा कि त्योहार किसी एक समुदाय के नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का अवसर है। सभी संगठन आयोजन से लेकर विसर्जन तक एक-दूसरे का सहयोग करें। उन्होंने उपद्रवी तत्वों पर नजर रखने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को बिना सत्यापन आगे नहीं बढ़ाने की अपील की। आपत्तिजनक या भ्रामक सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को जानकारी देने की बात कही गई।

उन्होंने बताया कि बैठक में बुजुर्गों, बच्चों और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने और प्रशासन से लगातार समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी है।

परिचर्चा में सेंट्रल मुहर्रम कमिटी, चैती दुर्गा पूजा समिति, मरहबा सोसाइटी, सरना समिति, महावीर मंडल, धौताल अखाड़ा और इमाम बख्श अखाड़ा सहित कई संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story