सीसीएल चिकित्सकों की तत्परता से सर्पदंश पीड़ित युवक की बची जान

WhatsApp Channel Join Now
सीसीएल चिकित्सकों की तत्परता से सर्पदंश पीड़ित युवक की बची जान


रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के डकरा केंद्रीय अस्पताल और गांधीनगर केंद्रीय अस्पताल के चिकित्सकों की त्वरित कार्रवाई एवं समन्वित उपचार से सर्पदंश के शिकार 22 वर्षीय युवक लोकेश कुमार की जान बचा ली गई। समय पर मिले उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सकीय निगरानी के कारण युवक अब पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पाने की स्थिति में है।

गुरूवार को सीसीएल प्रबंधन की ओर से कहा गया कि कंपनी अपने आधुनिक चिकित्सा संसाधनों, प्रशिक्षित चिकित्सकों और सुदृढ़ आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से कर्मचारियों, उनके परिजनों, हितधारकों और आसपास के ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। चिकित्सकों की तत्परता और समन्वित प्रयास से एक और जीवन सुरक्षित बचाया जा सका। प्रेस विज्ञप्ति के माध्य्म से बताया गया कि सीसीएल कर्मचारी भुनेश्वर मुंडा के पुत्र लोकेश कुमार को जहरीले सांप ने काट लिया था। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे डकरा केंद्रीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने बिना समय गंवाए प्राथमिक उपचार शुरू किया और तत्काल एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) की 10 डोज उपलब्ध कराते हुए आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया अपनाई। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर निगरानी और विशेषज्ञ उपचार के लिए गांधीनगर केंद्रीय अस्पताल रेफर किया गया। गांधीनगर अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने लगातार दो दिनों तक युवक की गहन निगरानी, स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया। समय पर उपचार मिलने से उसकी स्थिति में लगातार सुधार हुआ और अब वह पूरी तरह खतरे से बाहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story